Homeराज्यछत्तीसगढ़भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा का अनावरण, सामाजिक एकता और नई पीढ़ी के...

भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा का अनावरण, सामाजिक एकता और नई पीढ़ी के उत्थान का दिया संदेश, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया प्रतिमा का अनावरण…..

रायपुर: प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित सहस्रबाहु चौक में श्री राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा, विकास और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में कलार समाज द्वारा आयोजित प्रतिमा अनावरण एवं सामाजिक सम्मेलन में मंत्रियों का लड्डुओं से तौलकर तथा पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया। सम्मेलन में कलार समाज की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, शिक्षा को बढ़ावा देने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं और बेटियों के उत्थान जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

कलार समाज की विरासत ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध : स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा की स्थापना को समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के महत्वपूर्ण चौक पर भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापित होना केवल रायगढ़ के कलार समाज ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के समाजजनों के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं कलार समाज से आते हैं और समाज की भावनाओं से परिचित हैं। छत्तीसगढ़ की धरती को सजाने-संवारने और बसाने में कलचुरी वंश के पूर्वजों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कलचुरी समाज का इतिहास किसी एक व्यवसाय तक सीमित नहीं, बल्कि ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि कलचुरी साम्राज्य का प्रभाव छत्तीसगढ़ के साथ मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित विभिन्न क्षेत्रों में रहा है। समाज के लोगों को अपने गौरवशाली इतिहास को जानने के साथ ही नई पीढ़ी को भी इस विरासत से परिचित कराना चाहिए।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया प्रतिमा का अनावरण

सभी समाज आगे बढ़ेंगे, तभी होगा प्रदेश और देश का समग्र विकास : वित्त मंत्री

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी आने वाली पीढ़ी की प्रगति से होती है। इसलिए बच्चों की शिक्षा, प्रतिभा और व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी एक समाज की संपत्ति नहीं होती। जिस समाज के बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे, वह समाज प्रगति करेगा और जब सभी समाज आगे बढ़ेंगे, तभी छत्तीसगढ़ और देश का समग्र विकास संभव होगा। उन्होंने युवाओं से नौकरी तक सीमित न रहने और कृषि, व्यवसाय, कला, संगीत, मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया। अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।

वित्त मंत्री ने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बेटियों को इतना सक्षम और मजबूत बनाया जाना चाहिए कि वे जीवन के किसी भी क्षेत्र में सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, 95 प्रतिशत से अधिक अंक वालों को 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि

कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वेच्छानुदान से 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया प्रतिमा का अनावरण

नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा के अनावरण को गौरव का अवसर बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सभी समाजों को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है। कलार समाज के प्रदेशाध्यक्ष श्री विजय जायसवाल ने प्रतिमा अनावरण को समाज के लिए खुशी और गौरव का क्षण बताया तथा दोनों मंत्रियों सहित सभी अतिथियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कलार महासभा की महाध्यक्ष श्रीमती सरोज दुष्यंत डनसेना, जिलाध्यक्ष श्री केशव जायसवाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

हमसे जुड़ें

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe