Homeदेशबारिश का कहर: हिमाचल में फिर बादल फटा, नर्मदापुरम में तवा डैम...

बारिश का कहर: हिमाचल में फिर बादल फटा, नर्मदापुरम में तवा डैम के 9 गेट खोले, 

उमरिया में जोहिला डैम का गेट सीजन में पहली बार खुला
मप्र-छग में भारी बारिश का रेड अलर्ट

नई दिल्ली/भोपाल।  हिमाचल प्रदेश में शनिवार को फिर बादल फटा। लाहौल स्पीति की पिन वैली में बादल फटने से बाढ़ आ गई। इसमें एक महिला बह गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी और शिमला क्षेत्रों में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ के बाद शनिवार तक कुल 53 लोग लापता हैं और छह शव बरामद किए गए हैं। वहीं डीडीएमए के विशेष सचिव डीसी राणा ने कहा कि बाढ़ से 60 से ज्यादा घर बह गए और कई गांव गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। उधर, मौसम विभाग ने मप्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मप्र के कई जिलों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। छत्तीसगढ़ में धमतरी का गंगरेल डैम 86 फीसदी भर गया है।
मप्र में शनिवार को भी बारिश का दौर जारी है। भोपाल में सुबह से रिमझिम पानी गिर रहा है। कलियासोत नदी किनारे से 20 परिवारों का रेस्क्यू किया गया। सूखी सेवनिया के नाले में 14 साल का लडक़ा बह गया। नर्मदापुरम में तवा डैम के 9 गेट खोले गए है। नर्मदा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। उमरिया में जोहिला डैम का एक गेट सीजन में पहली बार खोला गया। इधर, नरसिंहपुर के गाडरवारा में बारिश से कच्चा मकान ढह गया। परिवार के 8 लोग मलबे में दब गए। दो की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों समेत पांच लोग घायल हैं। वहीं, एक बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। इंदौर में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। विदिशा और अशोकनगर को जोडऩे वाले बाह्य नदी के पुल पर दो फीट ऊपर से पानी बह रहा है। रायसेन में प्राकृतिक झरने फूट पड़े हैं। आज शनिवार को 12 जिले- सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, श्योपुर और शिवपुरी में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट है। वहीं, भोपाल, जबलपुर समेत 23 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

झरप नदी पर बना पुल टूटा

शहडोल जिले के ब्यौहारी में सूखा मार्ग पर झरप नदी पर बना पुल बारिश के कारण टूट गया। इससे 50 से ज्यादा गांवों का ब्यौहारी से संपर्क टूट गया। शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने पुल के पास बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कर दिया। पुलिस बल तैनात किया गया है।

जोहिला नदी के डैम का गेट खोला


उमरिया में संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के डैम का एक गेट 0.5 मीटर खोला गया। जोहिला नदी पर बने इस डैम का पहली बार गेट खोला गया है। बड़वानी में नर्मदा नदी का बैकवाटर बढऩे लगा है। शनिवार दोपहर को सीजन में पहली बार राजघाट में नर्मदा का बैकवाटर 122 मीटर से ऊपर पहुंचा। इससे नए घाट पर बनी छत्रियों के नीचे तक पानी पहुंच गया। यहां खतरे का निशान 123.280 मीटर है।

विदिशा की क्योटन नदी उफान पर


विदिशा की क्योटन नदी उफान पर है। उदयपुर-बायौदा रोड पर बने पुल पर पानी आ गया है। करीब 80 फीट ऊंचे पुल पर पानी आने के कारण पुलिस ने सुबह 11 बजे से आवागमन बंद करा दिया है। इससे पहले लोग वाहन निकालते दिखे।

RELATED ARTICLES

हमसे जुड़ें

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe